नागपुर. भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला लिया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, जिलाधिकारी कार्यालय नागपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब जिले की सभी आंगनवाड़ी, प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद द्वारा जारी इस आदेश में कहा गया है कि वर्तमान में नागपुर जिले में तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे नागरिकों, विशेष रूप से छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। इसी पृष्ठभूमि में आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए यह निर्णय लिया गया है। नए आदेश के मुताबिक, नागपुर जिले की सभी शालाओं का समय अब सुबह 7:00 बजे से 10:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। यह आदेश जिले की सीमा में आने वाली सभी आंगनवाड़ी, प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों पर लागू रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय विद्यार्थियों को गर्मी की तीव्रता से बचाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है। जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। साथ ही, शिक्षण संस्थानों को भी आवश्यक सावधानियां बरतने और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से नागपुर सहित विदर्भ क्षेत्र में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है, जिससे हीट वेव जैसी स्थिति बन गई है। ऐसे में प्रशासन का यह कदम राहत भरा माना जा रहा है। अभिभावकों और नागरिकों ने भी इस निर्णय का स्वागत किया है।

